टीम अनंत सोच 

धनबाद: श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में शनिवार को एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 20 से अधिक निजी कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए और जिले के बड़ी संख्या में युवाओं ने रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए भागीदारी की।

मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों ने अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया। कई कंपनियों ने साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी कर योग्य उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लेटर भी सौंपे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार रहे। उन्होंने मेले का निरीक्षण कर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं को अपने कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

सहायक नियोजन पदाधिकारी पद्मा कुमारी ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार के साथ आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

मुख्य अतिथि पंकज कुमार ने कहा कि बदलते समय के साथ रोजगार बाजार में कौशल की मांग भी तेजी से बदल रही है। ऐसे में युवाओं को नई तकनीकों और आवश्यक दक्षताओं को सीखते हुए स्वयं को लगातार अपडेट रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस तरह के रोजगार मेले उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों पर पहुंचकर रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त की और अपने बेहतर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *