टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड सरकार के निर्देश पर धनबाद में बुधवार से 25 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जाएगा।

धनबाद में 10 जून से शुरू होने वाले नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत जागरूकता रैली के साथ हुई। अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, जनसंपर्क कार्यक्रम, स्कूलों में विशेष काउंसलिंग सत्र तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे से होने वाली गंभीर बीमारियों, सामाजिक समस्याओं और आर्थिक नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए इससे दूर रहना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी तथा उनकी काउंसलिंग भी की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

डॉ विश्वकर्मा ने कहा कि राज्य सरकार धनबाद जिले में कैंसर के इलाज पर प्रतिवर्ष लगभग 18 से 19 करोड़ रुपये खर्च करती है। नशे से जुड़ी बीमारियों में कमी आने पर इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में किया जा सकता है।

उन्होंने जिले वासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशा मुक्त धनबाद तथा नशा मुक्त झारखंड के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *