टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में इस्कॉन द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी का स्नान पूर्णिमा महोत्सव भक्तिभाव और उत्साह के साथ मनाया गया। पार्कलेन रिजॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक और भक्त शामिल हुए। महोत्सव के दौरान हरिनाम संकीर्तन, महाअभिषेक, कथा, महाआरती और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय कीर्तन से हुई, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी का विधिवत महाअभिषेक कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

महोत्सव के दौरान स्नान पूर्णिमा की धार्मिक महत्ता और भगवान जगन्नाथ की दिव्य लीलाओं पर विशेष प्रवचन आयोजित किया गया। इस्कॉन धनबाद के अध्यक्ष नामप्रेम प्रभु ने श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ की भक्तवत्सलता और इस पर्व की परंपरा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

नामप्रेम प्रभु ने घोषणा की कि इस वर्ष भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा एवं मेला 16 से 19 जुलाई 2026 तक धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने सभी नागरिकों से सपरिवार शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर भव्य महाआरती और महाप्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। आयोजन में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक डीपी मुरली कृष्ण रमैया सहित शहर के कई चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्योगपति, व्यवसायी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत इस स्नान पूर्णिमा महोत्सव ने श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ की भक्ति से जोड़ने के साथ आगामी रथयात्रा महोत्सव के प्रति भी उत्साहित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *