टीम अनंत सोच 

धनबाद: आयुष फाउंडेशन धनबाद द्वारा एशियन पेंट्स ब्यूटीफुल होम अकादमी के सहयोग से आयोजित छह दिवसीय निःशुल्क स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। स्टील गेट स्थित पारुल अकादमिक क्लासेस में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चल रहे इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 33 युवक-युवतियां भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक पेंटिंग तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को वॉल पेंटिंग, टेक्सचर फिनिश, सतह की तैयारी, रंगों का सही अनुपात, आधुनिक पेंटिंग तकनीक, सुरक्षा मानकों और ग्राहकों के साथ पेशेवर व्यवहार जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।

बुधवार को प्रशिक्षण के पांचवें दिन प्रतिभागियों को पेंट तैयार करने की सही प्रक्रिया, रंगों के संतुलित मिश्रण, विभिन्न सतहों के अनुसार उपयुक्त पेंट के चयन तथा आधुनिक पेंटिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से अपने सवाल पूछकर तकनीकी जानकारी भी हासिल की।

आयुष फाउंडेशन धनबाद के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार के योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्किल डेवलपमेंट युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है और संस्था आगे भी ऐसे निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान आयुष फाउंडेशन की निरुपमा नायक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं एशियन पेंट्स ब्यूटीफुल होम अकादमी की ओर से सीनियर ट्रेनर कुमार विशाल, प्रिय कुमार, सचिन गोस्वामी और विवेक कुमार ने उद्योग की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देते हुए प्रतिभागियों को बेहतर करियर के लिए प्रेरित किया।

छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 9 जुलाई 2026 को होगा। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर सर्टिफिकेट ऑफ कम्प्लीशन प्रदान किए जाएंगे। युवाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की दिशा में इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *