
टीम अनंत सोच
धनबाद: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व सचिव स्वर्गीय अमिताभ चौधरी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर रविवार को धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम में क्रिकेट जगत से जुड़े दिग्गजों, डीसीए के पदाधिकारियों, स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने स्व. अमिताभ चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. अमिताभ चौधरी के व्यक्तित्व, कृतित्व और खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच, कुशल नेतृत्व और क्रिकेट के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
झारखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने से लेकर बीसीसीआई के सचिव पद तक का उनका सफर बेहद उल्लेखनीय रहा। उनके प्रयासों और योगदान ने झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर एक अलग पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में डीसीए के पदाधिकारियों, सदस्यों, वरिष्ठ खेल प्रेमियों एवं युवा खिलाड़ियों ने स्व. अमिताभ चौधरी के आदर्शों और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के संयुक्त प्रयास से किया गया।

