
टीम अनंत सोच
धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर राजस्थान से एक परिवार को धनबाद बुलाने, उनसे पैसे वसूलने और बाद में लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच के अनुसार, सपना नाम की एक महिला ने राजस्थान निवासी रमेश से संपर्क कर अपनी कथित भतीजी पूजा से शादी कराने का प्रस्ताव दिया था। शादी की बात तय होने के बाद रमेश अपने परिवार के साथ 7 सितंबर को धनबाद के बरवाअड्डा पहुंचे।
आरोप है कि यहां शादी की तैयारियों के नाम पर रमेश से करीब तीस हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए, जिनका भुगतान उन्होंने किया। इसके बाद शादी कराने के एवज में उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई। रमेश ने इस दौरान चालीस हजार रुपये ऑनलाइन आरोपियों को दिए।
इसके बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ लिया। आरोप है कि कथित दुल्हन पूजा की शादी राजस्थान से ही आए इकबाल नामक युवक से करा दी गई। जब रमेश और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें पार्टी में ले जाने के बहाने एक गाड़ी में बैठा लिया।
बताया जाता है कि रास्ते में आरोपियों ने धमकी देकर परिवार के सदस्यों से दस हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और महिलाओं के जेवरात छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और मामले में गिरोह के दस सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, साड़ी, लहंगा, कपड़े, चूड़ी समेत शादी से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने शादी का झांसा देकर अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

