

टीम अनंत सोच
धनबाद:धनबाद स्थित आईआईटी-आईएसएम परिसर में इन दिनों गणेश उत्सव की धूम देखने को मिल रही है। संस्थान के छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस गणेश उत्सव का आयोजन उड़िया रीति-रिवाज और संस्कृति के अनुसार किया जा रहा है।
पीएचडी छात्र तुषारकांति राउत ने बताया कि कलिंग समाज से जुड़े छात्र इस उत्सव को पारंपरिक उड़िया संस्कृति के अनुरूप मना रहे हैं। भगवान गणेश को मोदक के साथ-साथ उड़िया परंपरा के अनुसार खीर का प्रसाद भी अर्पित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थापित गणेश प्रतिमा भी उड़िया संस्कृति की विशेष पहचान को दर्शाती है। प्रतिमा में भगवान गणेश की सूंड दाहिनी ओर है और मूर्ति का स्वरूप भी पारंपरिक उड़िया संस्कृति के अनुरूप रखा गया है, जो इस उत्सव को खास बनाता है।
यह गणेश उत्सव सात दिनों तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से आईआईटी आईएसएम के छात्र-छात्राओं को उड़िया संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।
कलिंग समाज के छात्रों ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए आईआईटी-आईएसएम प्रबंधन और सभी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार जताया है।

