टीम अनंत सोच 

धनबाद: दुर्गा पूजा के अवसर पर धनबाद जिला परिषद मैदान में वॉटरफॉल डिज्नीलैंड मेले की शुरुआत हो गई है। दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने किया। इस मौके पर भाजपा नेता नित्यानंद मंडल, मेला प्रबंधक रंजीत साव सहित कई लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा के मौके पर हर साल की तरह इस बार भी जिला परिषद मैदान में मेले का आयोजन किया गया है। जिला परिषद मैदान के एक हिस्से में बंगाली समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी आनंद लेते हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार मेले में बच्चों के लिए वॉटरफॉल विशेष आकर्षण है। मेले में बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ महिलाओं के लिए कपड़े और श्रृंगार सामग्री तथा पुरुषों के लिए कपड़ों समेत कई तरह के सामान के स्टॉल लगाए गए हैं।

शारदा सिंह ने लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा के दौरान परिवार के साथ मेले में आएं, मां दुर्गा के दर्शन करें और मेले का आनंद लें। उन्होंने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि मेले में दूर-दराज से छोटे व्यापारी अपनी दुकानें लेकर पहुंचे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग और मॉल के दौर में स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने से उनकी रोजी-रोटी चलाने में मदद मिलेगी।

वहीं भाजपा नेता नित्यानंद मंडल ने मेले के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान हर साल यहां मेला लगता है। इस बार वॉटरफॉल समेत कई नए आकर्षण जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोग मनोरंजन के लिए दूसरे शहरों का रुख करते थे, लेकिन अब धनबाद में ही बाहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेले में बच्चों के खिलौनों सहित कई तरह के स्टॉल लगाए गए हैं।

अत्याधुनिक झूले और देशभर के स्टॉल आकर्षण

मेला प्रबंधक रंजीत साव ने बताया कि मेले में इस बार कई नए और अत्याधुनिक झूले लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाइड्रोलिक झूलों के साथ चीन से मिक्सचर झूला भी मंगाया जा रहा है। इसके अलावा वॉटरफॉल लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।

उन्होंने बताया कि मेला शाम चार बजे से शुरू हो चुका है और दीपावली के आसपास तक चलेगा। मेले में मुंबई, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, असम, बंगाल सहित विभिन्न स्थानों के कारोबारी अपने उत्पाद लेकर पहुंच रहे हैं। मेदिनीपुर का प्रसिद्ध अचार, मुंबई की ज्वेलरी समेत कई तरह के सामान यहां उपलब्ध होंगे।

आयोजकों को उम्मीद है कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ जिला परिषद मैदान पहुंचेंगे और मेले का आनंद उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *