चिल्ड्रन पार्क में सजा तिब्बतन वूलेन मार्केट, स्वेटर-जैकेट से लेकर शॉल और बच्चों के फैशनेबल कपड़ों की नई रेंज उपलब्ध

टीम अनंत सोच
धनबाद: सर्दियों का मौसम शुरू होने से पहले ही धनबाद में गर्म कपड़ों की खरीदारी का बाजार सज गया है। शहर के चिल्ड्रन पार्क में तिब्बतन वूलेन मार्केट यानी ल्हासा मार्केट का भव्य उद्घाटन किया गया। बाजार खुलते ही यहां खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग स्वेटर, जैकेट, शॉल और अन्य ऊनी कपड़ों की खरीदारी करते नजर आए।
ल्हासा मार्केट धनबादवासियों के लिए कोई नया नाम नहीं है। तिब्बतन समाज के लोग पिछले तीन से चार दशकों से हर सर्दी में ऊनी कपड़ों का बाजार लगाने धनबाद पहुंचते रहे हैं। शुरुआती वर्षों में यह बाजार जिला परिषद परिसर में लगाया जाता था। दो साल बाद इसे चिल्ड्रन पार्क में स्थानांतरित किया गया। यहां लगातार तीसरे वर्ष बाजार का आयोजन किया जा रहा है।
इस बार बाजार को ग्राहकों की पसंद और बदलते फैशन को ध्यान में रखते हुए नए कलेक्शन से सजाया गया है। महिलाओं के लिए आकर्षक डिजाइन और लेटेस्ट फैशन के ऊनी परिधान उपलब्ध हैं। पुरुषों के लिए जैकेट की अलग-अलग रेंज के साथ बच्चों के लिए भी रंग-बिरंगे और फैंसी गर्म कपड़ों की कई वैरायटी लाई गई हैं।
मार्केट में स्वेटर, जैकेट, शॉल, टोपी, मफलर और दस्ताने सहित सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले कई तरह के कपड़ों के स्टॉल लगाए गए हैं। आयोजकों का कहना है कि बेहतर गुणवत्ता और उचित कीमत के कारण यह बाजार हर साल ग्राहकों की पसंद बना रहता है।
आयोजकों ने बताया कि धनबाद के लोगों से पिछले कई दशकों से मिल रहे स्नेह और सहयोग के कारण ही तिब्बतन समाज के लोग हर वर्ष यहां आते हैं। पहले बाजार के संचालन की जिम्मेदारी समाज के वरिष्ठ सदस्य संभालते थे, लेकिन अब युवा पीढ़ी भी आगे आकर इसकी व्यवस्था और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
फिलहाल ल्हासा मार्केट में खरीदारी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि जैसे-जैसे ठंड बढ़ेगी, वैसे-वैसे बाजार में ग्राहकों की भीड़ भी बढ़ेगी।

