मुख्य आरोपी संतोष रवानी की गिरफ्तारी की मांग तेज, परिजनों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में पुनम कुमारी हत्याकांड को करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में बुधवार को मृतका के परिजनों ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और मुख्य आरोपी संतोष रवानी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।

दरअसल, बलियापुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से जुड़े विवाद के बाद पुनम कुमारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने महिला का सिर धड़ से अलग कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। इस वीभत्स घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन परिजनों का आरोप है कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी संतोष रवानी अब तक फरार है।

धरना दे रहे परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से वे लगातार थाना और जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। परिजनों ने सवाल उठाया कि आखिर दो महीने बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर कैसे है?

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्हें न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *