
टीम अनंत सोच
धनबाद: शहर के गोल्फ ग्राउंड में एक बार फिर डिज़नीलैंड मेला लगाने की तैयारी शुरू होने के साथ ही इसका विरोध तेज हो गया है। मैदान में नापी शुरू होते ही स्थानीय निवासी, बुजुर्ग, युवा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी इसके खिलाफ सामने आ गए हैं।
स्थानीय निवासी अभय कुमार के नेतृत्व में लोगों ने धनबाद उपायुक्त एवं नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मेला किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर आयोजित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि गोल्फ ग्राउंड शहर के बीचों-बीच स्थित प्रमुख सार्वजनिक मैदान है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग मॉर्निंग वॉक, फुटबॉल और अन्य खेल गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा झारखंड पुलिस भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी यहां नियमित रूप से शारीरिक दक्षता का अभ्यास करते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बार-बार मेले के आयोजन से मैदान में गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है। मेला समाप्त होने के बाद भी मैदान को पूरी तरह व्यवस्थित होने में लंबा समय लगता है, जिसके कारण युवाओं का शारीरिक अभ्यास और आम लोगों की नियमित गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
निवासियों और युवाओं ने जिला प्रशासन से अपील की है कि गोल्फ ग्राउंड को खेल एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाए। उनका कहना है कि शहर में अन्य खाली स्थान उपलब्ध हैं, जहां मेले का आयोजन किया जा सकता है।
लोगों ने प्रशासन से खेल, स्वास्थ्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के हित को ध्यान में रखते हुए गोल्फ ग्राउंड को मेले के आयोजन से मुक्त रखने की मांग की है।

