टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व महासचिव एस ए रहमान ने अपनी सदस्यता रद्द किए जाने के मामले में लोकपाल की शरण ली है। रहमान ने इस संबंध में लोकपाल के समक्ष याचिका दायर करते हुए अपने निष्कासन की कार्रवाई को द्वेषपूर्ण और बदले की भावना से प्रेरित बताया है।

सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एस ए रहमान ने डीसीए प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त 2024 को हुए चुनाव में सचिव पद के लिए अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के बाद से ही एसोसिएशन का प्रबंधन उनके प्रति बदले की भावना से काम कर रहा है।

रहमान ने कहा कि डीसीए प्रबंधन उनके निष्कासन और अन्य विवादों में जितनी ऊर्जा लगा रहा है, उतनी ऊर्जा यदि चार युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के विकास पर लगाई जाती तो धनबाद से कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते थे। अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया में गलत बयानबाजी करने का कोई ठोस प्रमाण उनके खिलाफ उपलब्ध नहीं है। उन्होंने एजीएम में तस्वीरें लेने के आरोप को भी सामान्य बताते हुए कहा कि बैठक के दौरान केवल तीन-चार सामान्य तस्वीरें ली गई थीं।

पूर्व महासचिव ने यह भी कहा कि वर्ष 2006 से 2014 तक महासचिव के पद पर रहने के दौरान अथवा उसके बाद उनसे वित्तीय हिसाब-किताब मांगे जाने संबंधी कोई पत्र उन्हें कभी नहीं दिया गया।

एस ए रहमान ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ भ्रामक और गलत बातें प्रसारित करने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की गतिविधियां जारी रहीं तो संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया जाएगा।

अब इस पूरे मामले पर डीसीए प्रबंधन और लोकपाल के समक्ष होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *