

टीम अनंत सोच
धनबाद: नगर निगम द्वारा आवंटित दुकानों के किराए में प्रस्तावित छह से दस गुना तक की बढ़ोतरी के खिलाफ चैंबर ऑफ कॉमर्स, पुराना बाजार ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने उप महापौर अरुण चौहान से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और प्रस्तावित किराया वृद्धि को वापस लेने की मांग की।
चैंबर अध्यक्ष सोहराब खान ने कहा कि पुराना बाजार में नगर निगम द्वारा दुकानदारों को खाली भूखंड आवंटित किए गए थे। दुकानदारों ने अपनी मेहनत की कमाई से दुकानें बनाईं और आज भी निगम की जमीन पर बनी कई दुकानों की स्थिति ऐसी है कि उनकी छतें करकट की हैं। ऐसे में किराए में अचानक कई गुना वृद्धि करना दुकानदारों के लिए आर्थिक रूप से बेहद कठिन होगा।
उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित किराया वृद्धि संबंधी खबरों के आधार पर चैंबर ने निगम के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई है। वर्तमान किराए में अचानक छह से दस गुना तक बढ़ोतरी को चैंबर ने अनुचित और अव्यावहारिक बताया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रस्तावित वृद्धि नियम संगत एवं तर्क संगत नहीं है तथा यह सरकारी प्रावधानों और न्यायालयों के पूर्व निर्णयों के विपरीत है। चैंबर ने मांग की है कि पूर्व की व्यवस्था के अनुरूप किराए में केवल समानुपातिक वृद्धि की जाए और दुकानदारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उचित किराया निर्धारित किया जाए।
चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि उचित किराया निर्धारित होने से दुकानदार नियमित रूप से भुगतान कर सकेंगे और भविष्य में किसी तरह की कानूनी जटिलता की स्थिति भी नहीं बनेगी। प्रतिनिधिमंडल ने उप महापौर से पूरे मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द उचित निर्णय लेने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष सोहराब खान,संजय पांडेय, दीपक सिंह चौहान, दिनेश प्रसाद, पंकज कुमार समेत अन्य सदस्य शामिल थे।
